धान की सीधी बिजाई करने पर 4 हजार रुपये प्रति एकड़ मिलेगा अनुदान :- डॉ. सचिन काम्बोज  

29
इन्द्री विजय कांबोज ।।  कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा उपमंडल इन्द्री के गाँव डबकौली कलां में किसानों को धान की सीधी बिजाई करने के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है। एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में किसानों को सीधी धान की बिजाई की जानकारी देते हुए कृषि विकास अधिकारी डॉ. सचिन काम्बोज ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा धान की सीधी बिजाई करने पर किसानों को 4 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से अनुदान उपलब्ध करवाया जा रहा है। इस अनुदान राशि के लिए किसान को विभाग के पोर्टल पर पर अपना पंजीकरण करवाना होगा।
 कृषि विकास अधिकारी डॉ. सचिन काम्बोज ने बताया कि किसान पारम्परिक विधि से धान की पौध तैयार करके धान की रोपाई खेत में करते हैं। जिसमें समय के साथ-साथ पानी की खपत बहुत ज्यादा होती है। इसके अतिरिक्त धान की रोपाई करने में श्रम भी अधिक लगता है  जिससे धान की खेती पर होने वाले खर्च में वृद्धि होती है। उन्होंने किसान प्रशिक्षण में धान की सीधी बिजाई पर अपने अनुभव किसानों के साथ साझा किये और विस्तार से सीधी धान की बिजाई से होने वाले लाभों के बारे किसानों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धान की सीधी बिजाई से पानी की बचत होती है और खर्च में भी कमी आती है। उन्होंने किसानों को प्रशिक्षण शिविर में हरियाणा सरकार की किसान हित योजनाओं के बारे भी जानकारी दी।
 इस मौके पर कृषि विभाग के खंड तकनीकी प्रबंधक बिजेन्द्र गोमला, राजबीर नम्बरदार, किसान रामछेल, महेन्द्र सिंह रणवीर सिंह आदि किसान मौजूद रहें।