गांव-गांव जाकर रणधीर ने पार्टी की नीतियों का किया प्रचार
करनाल विजय कांबोज।। इंद्री में भाजपा की टिकट से अभी पर्दा नहीं उठा है। सूत्रों की मानें तो इस बार बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। गत 16 अगस्त को इंद्री में आयोजित जन आशीर्वाद रैली में भाजपा नेता रणधीर कश्यप पहले ही अपनी ताल ठोंक चुके हैं। रणधीर कश्यप ने सैंकड़ों कार्यकर्त्ताओं का काफिले लाकर अपनी ताकत का एहसास करवाया था। जिसके बाद से हलके में उनके दावेदारी के चर्चे हो रहे हैं। इंद्री अनाज मंडी में आयोजित रैली के बाद उनकी दावेदारी को काफी मजबूत माना जा रहा है। वीरवार को रणधीर कश्यप ने हलके के गांवों का दौरा कर पार्टी की नीतियों का प्रचार किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की नहीं आज पूरे विश्व में भारत की तूती बोल रही है। आज भारत बोलता है और दुनिया सुनती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 सालों में अनेक विकास कार्य करवाए गए हैं। अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण की सालों पुरानी मांग को भाजपा ने पूरा किया।
जीटी रोड को फोरलेनिंग बनाने की योजना तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के समय बनाई गई थी। लेकिन वर्ष 2004 में यूपीए की सरकार बनने पर इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया। वर्ष 2014 में केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद इस योजना पर फिर काम शुरू हुआ। आज दिल्ली से वाघा बाॅर्डर तक सड़क से नीचे उतरने की जरूरत नहीं है। अब प्रदेश में चुनाव का बिगुल बज चुका है। हमें प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए एकजुटता का परिचय देते हुए मिलजुल कर काम करना है। रणधीर कश्यप ने कहा कि हरियाणा में पिछले साढ़े 9 सालों में पहले तात्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उनके बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पीएम मोदी के सबका साथ सबका विकास के मंत्र को जमीन पर उतारा। भाजपा सरकार ने हर वर्ग को राहत देने की कोशिश की है। हर जिले में समान विकास कार्य करवाए गए हैं। विधानसभा चुनावों में निष्ठावान कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर भाजपा तीसरी बार बहुमत हासिल करके सत्ता में लौटेगी। नायब सैनी एक बार मुख्यमंत्री बनकर प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाएंगे।