कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बराड़ा में मनाया गणतंत्र दिवस

16

हमें विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश होने का गर्व प्राप्त :- वरुण चौधरी।

बराड़ा(जयबीर राणा थंबड)
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बराड़ा स्थित कांग्रेस कार्यालय में गणतंत्र दिवस बडे़ हर्षोल्लास से मनाया। इस अवसर पर हल्का मुलाना विधायक वरुण चौधरी ने कांग्रेस कार्यालय के प्रागण में राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए उपस्थित कार्यकर्ताओं सहित राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देकर राष्ट्रगान का वन्दन किया। चौधरी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर समस्त देशवासियों व प्रदेशवासियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि आज का दिन एक ऐतिहासिक दिन है जिसे हम पूरे देश व प्रदेश में एक त्यौहार की तरह मना रहे हैं। भारतीय संविधान को 26 नवम्बर 1949 को भारतीय संविधान सभा द्वारा अपनाया गया और 26 जनवरी 1950 को इसे एक लोकतांत्रिक सरकार प्रणाली के साथ लागू किया गया,तब से हम हर्षोल्लास के साथ 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के रूप में मनाते आ रहे है।
उन्होंने कहा कि हमें विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश होने का गर्व प्राप्त है और सिर्फ लोकतांत्रिक व्यवस्था में ही व्यक्ति खुलकर जी सकता है और स्वयं के व्यक्तित्व का विकास कर अपनी सभी महत्वकांक्षाएं पूरी कर सकता है। विधायक ने कहा कि 26 जनवरी का पर्व देशभक्तों के त्याग तपस्या और बलिदान की अमर कहानी समेटे हुए है और 26 जनवरी का यह पावन पर्व हर दिल में राष्ट्रीय भावना को प्रज्वलित कर रहा है और लहराता हुआ तिरंगा रोम-रोम में जोश का संचार कर रहा है। इस दौरान सैंकड़ो कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।