79वें स्वतंत्रता दिवस पर स्कूली बच्चों की देशभक्ति के रंग में रंगा कार्यक्रम
बराड़ा,(जयबीर राणा थंबड)
उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यातिथि के तौर पर सोनीपत के विधायक निखिल मदान ने शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यातिथि द्वारा ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड का नेतृत्व एएसआई मोहन लाल ने किया।
79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज का यह दिन केवल कैलेंडर की तारीख नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का दिन है, जो हमें याद दिलाता है मां भारती के असंख्य वीरों ने अपने प्राणों का बलिदान देकर हमें आजादी दिलाई।
मैं इस पावन अवसर पर आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं और विशेष रूप से उन वीर सैनिकों को प्रणाम करता हूं, जो देश की सीमाओं पर विपरीत परिस्थितियों में भी तिरंगे की शान को बरकरार रखे हुए हैं, जिनकी बदौलत आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं।
आज पूरा भारत तिरंगामय है, हर गली, हर घर तिरंगे के रंग में रंगा है और हर कोने में देशभक्ति की गूंज है। तिरंगा हमारे इतिहास, संघर्ष और सपनों का जीवंत प्रतीक है।
आज हम उन ज्ञात-अज्ञात शहीदों को भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिन्होंने आजादी से पहले और बाद में, भारत की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।
जब-जब दुश्मन ने भारत की अस्मिता पर चोट पहुंचाने का प्रयास किया है, तब-तब हमारे देश के जवानों ने दुश्मन को करारा जवाब देने का काम किया है।
हाल ही में पूरी दुनिया ने देखा कि किस प्रकार 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में आतंकवादियों ने निर्दोष लोगों को मौत के घाट उतार दिया और हमारी बहनों के सिंदूर को उजाड़ दिया। यह केवल नागरिकों पर एक आतंकी हमला नहीं था, बल्कि भारत की आत्मा पर किया गया एक दुस्साहस पूर्ण प्रहार था।
देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने इस घटना के तुरंत बाद स्पष्ट शब्दों में कहा था कि भारत आतंकवाद के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति पर चलेगा और इस हमले के पीछे जो भी हैं, उन्हें उनकी कल्पना से भी अधिक कठोर सजा देगा। हमारी सरकार ने शहीदों के परिवारों के सम्मान और भलाई को हमेशा पहली प्राथमिकता दी है। जो जवान देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए, उनके एक आश्रित को अनुकंपा के आधार पर सरकार नौकरी दे रही है। अक्तूबर 2014 से जून 2025 तक, 410 शहीदों के आश्रितों को नौकरी दी गई है। हरियाणा सरकार ने हाल ही में अपने बजट भाषण में चरखी दादरी, हिसार और यमुनानगर में सेना की भर्ती की तैयारी के लिए सशस्त्र बल तैयारी संस्थान खोलने का निर्णय लिया है। साथ ही, रेवाड़ी में एक सैनिक संग्रहालय बनाने का भी सरकार का प्रस्ताव है।
हरियाणा की धरती केवल खेती-बाड़ी में ही नहीं, बल्कि वीरता में भी अग्रणी रही है। इतिहास के पन्ने गवाह हैं कि 10 मई 1857 को अम्बाला से स्वतंत्रता आंदोलन की जो चिंगारी उठी, उसने पूरे देश में आजादी की अलख जगा दी। उस चिंगारी ने गुलामी की नींव हिला दी और भारतवासियों के दिलों में आजादी का सपना हिलोरे लेने लगा। यह केवल संघर्ष की शुरुआत नहीं थी, बल्कि यह संदेश था कि अब अन्याय व गुलामी की जंजीरों को तोड़ने का समय आ गया है। उस पहली चिंगारी की स्मृतियों को संजोने के लिए हरियाणा सरकार अम्बाला छावनी में एक भव्य शहीदी स्मारक का निर्माण कर रही है।
हमारे प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत के युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए हमारी सरकार ने योग युक्त- नशा मुक्त अभियान चलाया, जिसमें लाखों युवाओं ने भाग लेकर नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। इसके साथ-साथ प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों की तरफ लगातार बढ़ावा दे रही है। गांवों में इंडोर जिम, खेल नर्सरियां, योग एवं व्यायामशाला इत्यादि के माध्यम से जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस पावन अवसर पर, हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि चाहे कैसी भी चुनौती हो, हम अपने देश की गरिमा, उसकी अखंडता और उसकी स्वतंत्रता की रक्षा में अडिग रहेंगे। हम केवल वर्तमान की नहीं, बल्कि आने वाले कल की भी नींव मजबूत करेंगे, ताकि भारत सशक्त, आत्मनिर्भर और विश्व में अग्रणी बन सके। हमें आजादी अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान के परिणामस्वरूप मिली है। उनके साहस और बलिदान को हमें सदैव स्मरण रखना चाहिए। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए निरंतर प्रयास करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।
मुख्य अतिथि ने वतन पर कुर्बान होने वाले शहीद सैनिकों और आजादी की लड़ाई में भाग लेने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को नमन किया व सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रीमती भजन कौर पत्नी शहीद देश राज, श्रीमती बंसो देवी पत्नी शहीद किशन सिंह, श्रीमती मेल कौर पत्नी शहीद प्यारा सिंह, श्रीमती सुरजीत कौर माता शहीद मंजीत सिंह, श्रीमती सरदारी देवी माता शहीद राकेश कुमार, श्रीमती सुरजीत कौर माता शहीद सुखविन्दर सिंह, श्रीमती अंजलि पत्नी शहीद रंदीप सिंह, श्रीमती हरलीन कौर पत्नी गुरप्रीत सिंह को सम्मानित किया।
इसी प्रकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में डीएवी पब्लिक स्कूल बराड़ा प्रथम, राजकीय आदर्श सांस्कृतिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बराड़ा को द्वितीय तथा भारती विद्या मंदिर हाई स्कूल अधोया को तृतीय स्थान मिला। अबकी सभी प्रतिभागी स्कूलों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशंशा पत्र व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों समाजिक सेवा संस्थाओं को भी मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। मंच का सफल संचालन सुमन लता व गीता रानी द्वारा किया गया व स्टेज की डेकोरेशन व रंगोली महिला एवं बाल विकास विभाग बराड़ा द्वारा किया गया।
एसडीएम सतीन्द्र सिवाच बराड़ा के मार्गदर्शन में उपमंडल स्तरीय समारोह में आयोजित सभी कार्यक्रम और प्रस्तुतियां बेहद सराहनीय रहीं। प्रतिभागियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों से वातावरण को देश प्रेम से भर दिया, जिससे समारोह यादगार बन गया। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम गरिमामय व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर एसडीएम बराड़ा सतीन्द्र सिवाच बराड़ा, तहसीलदार अंकित बेनीवाल, नायाब तहसीलदार गीता राम व आलमगीर, बीडीपीओ सुशील मंगला, खण्ड शिक्षा अधिकारी जगदीश मेहरा, थाना प्रभारी प्रमोद कुमार, मंडल अध्यक्ष बराड़ा डिंपल राणा, उपाध्यक्ष सतप्रकाश बिजलपुर,ब्लॉक समिति वाईस चैयरमेन मलकीत सिंह, अशोक जैन मुलाना, गुलशन, जसवंत सिंह, रिंकू मचल, मोनिका कालड़ा, मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्रिंसिपल मंजू बाला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, स्कूलों के बच्चों सहित गणमान्य व्यक्ति एवं भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।









