पिहोवा, 26अगस्त(यज्ञदत्त शास्त्री): श्री शिव शंकर सेवादल के तत्वावधान में श्री गणेश चतुर्थी का पर्व श्री रामेश्वर महादेव मंदिर में धूमधाम से मनाया जाएगा। जिसके चलते मंगलवार को विधिवत रूप से श्री गणपति महाराज की प्रतिमा को श्री रामेश्वर महादेव मंदिर में स्थापित किया गया। जानकारी देते हुए सेवादल के प्रधान अरुण गुप्ता ने बताया कि श्री गणेश जी की मूर्ति स्थापना के लिए गणपति बप्पा मोरिया के उद्घोषों द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा प्राचीन शिव मंदिर से शुरू होकर बस स्टैंड से होते हुए काठगढ़ रोड, जय गुरुदेव स्कूल रोड, रोशनपुर रोड, अनाजमंडी से होते हुए रामनगर कॉलोनी में स्थित श्री रामेश्वर महादेव मंदिर में पहुंची जहां पर विधिवत रूप से मंत्रोच्चारण के साथ श्री गणेश महाराज की प्रतिमा को स्थापित कर प्राण प्रतिष्ठा की गई। शोभायात्रा को गुरु गोरखनाथ धाम के महंत योगी तेजनाथ ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। उन्होंने बताया कि नगर परिक्रमा के दौरान शोभायात्रा का नगरवासियों द्वारा जगह जगह भव्य स्वागत किया गया। शोभायात्रा में महिलाओं ने कलश धारण कर यात्रा में भी हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि 27 अगस्त से श्री गणेश जी महाराज की आरती, भजन संध्या का आयोजन विधिवत रूप से किया जाएगा। इस अवसर पर दीपक गोयल, गौरव बंसल, रक्षित कंसल, केशव कंसल, अक्षत बंसल, प्रिंस कंसल, मुनीष कंसल, कमलदीप गोयल, बलदेव शर्मा जलबेहडा आदि मौजूद रहे।









